लिधौरा में बारिश के चलते कच्चे मकान का हिस्सा गिरा, चार लोग घायल
लिधौरा में बारिश के चलते एक कच्चे मकान का हिस्सा गिरने से चार लोग घायल हो गए। घटना स्टेट बैंक के पास हुई, जहां एक ही परिवार के चार लोग सो रहे थे। रात करीब 11:30 बजे अचानक मकान का हिस्सा गिर गया, जिससे दीपक प्रताप प्रेमचंद यादव, उनकी पत्नी कल्पना, बच्ची कृष्ण यादव और सत्येंद्र यादव घायल हो गए।
घायलों को तुरंत लिधौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर की अनुपलब्धता के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी लगते ही तहसीलदार ओमप्रकाश गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। तहसीलदार ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव शासन से मदद की जाएगी।
लोगों में लिधौरा के अस्पताल में डॉक्टर की अनुपलब्धता को लेकर भारी आक्रोश है। यह कोई पहली घटना नहीं है, जब लोगों को डॉक्टर नहीं मिलने से परेशानी हुई है। कई बार घटना होने पर लोग अपना इलाज कराने के लिए लिधौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाते हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं मिलते।
घटना में लगभग ₹1 लाख का नुकसान हुआ है, जिसमें टीवी, फ्रिज, कूलर, अलमारी और दैनिक उपयोगी सामान पूरी तरह से नष्ट हो गया है।